सीएम धामी ने विश्व मात्स्यिकी दिवस पर अमरापुर घाट, हरिद्वार में गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीज छोड़े। 

हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देने और नदी के पारिस्थितिकीय संतुलन के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए बेहद आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने आमजन से मां गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों की स्वच्छता बनाए रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, समृद्ध एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा और पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। गंगा में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा और जलीय जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने की पहल के रूप में किया गया।

Tags: