मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में पर्वतीय क्षेत्रों के लिए दो आरोग्य रथ रवाना किए।

उत्तराखण्ड के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ रवाना किए। इस पहल से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून से दोनों आरोग्य रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत टीएसएल फाउंडेशन द्वारा संचालित की जा रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखण्ड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाना आवश्यक है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपने आसपास ही प्राथमिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परामर्श मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके जरिए लोगों को प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक पहचान, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सरकारी प्रयासों के साथ कॉर्पोरेट क्षेत्र और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विभिन्न संस्थाएं प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य सामाजिक क्षेत्रों के विकास में इसी प्रकार सहयोग करती रहेंगी।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष श्री हेमराज बिष्ट, सदस्य पलायन निवारण आयोग श्री अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य श्री विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव श्री मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (सीएसआर) सुश्री अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ श्री साहिल अरोड़ा एवं डायरेक्टर श्री आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Tags: