प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में युवाओं ने सीखे संघर्ष से सफलता के पाठ
दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में वैज्ञानिकों व उद्यमियों ने संघर्ष से सफलता के अनुभव साझा कर युवाओं को नई राह दिखाई।
देहरादून, 13 नवंबर। संघर्ष से सफलता तक का सफर आसान नहीं होता, लेकिन हौसले और दृढ़ संकल्प से कठिन से कठिन परिस्थितियों को भी अवसर में बदला जा सकता है। प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के तीसरे सत्र में देश-दुनिया में अपनी पहचान बना चुके उत्तराखंडियों ने जब अपने संघर्ष के अनुभव साझा किए, तो युवाओं को सफलता की राह पर आगे बढ़ने के कई महत्वपूर्ण संदेश मिले। पुरोला, सेम मुखेम और चमोली के सामान्य परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता के अध्याय लिखने वाली इन शख्सियतों ने युवाओं को चुनौतियों से नहीं घबराने और खुद को लगातार बेहतर बनाने का आह्वान किया।
प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का दूसरा सत्र जहां तकनीकी विषयों पर केंद्रित था, वहीं तीसरे सत्र में जीवन के व्यावहारिक अनुभवों और संघर्ष के उन पहलुओं पर चर्चा हुई, जो सफलता की वास्तविक जमीन तैयार करते हैं। सत्र विशेष रूप से युवाओं को समर्पित रहा। इसमें वैज्ञानिकों, उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और अन्य क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों ने अपनी जीवन यात्रा के अनुभव साझा किए।
चमोली के थराली क्षेत्र के एक सामान्य परिवार से निकलकर कैंब्रिज तक पहुंचने वाले वैज्ञानिक डॉ. भगवती प्रसाद जोशी ने अपनी संघर्ष यात्रा के विभिन्न पड़ावों का विस्तार से उल्लेख किया। आईआईएससी बेंगलूरू में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहे हैं। युवाओं को नए-नए तकनीकी क्षेत्रों में उत्साह के साथ काम करना चाहिए।
उत्तराखंड में सबसे कम उम्र की जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने दिल्ली में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद रिवर्स पलायन कर टिहरी पहुंचने और लोकल बॉडी की राजनीति में सक्रिय होने तक के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को खुद को चुनौती देने, कंफर्ट जोन से बाहर निकलने और ठोस काम करके अपनी क्षमता साबित करने का संदेश दिया।
पिथौरागढ़ जैसे सीमांत क्षेत्र में अपनी आईटी कंपनी के माध्यम से शिक्षा और अन्य विषयों पर महत्वपूर्ण काम कर रहे जितेंद्र हनेरू ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को सुझाव दिया कि वे पढ़ाई के दौरान ही अपने स्टार्टअप पर काम शुरू करें और प्रयासों में सफलता या असफलता की चिंता किए बिना आगे बढ़ें।
सत्र में प्रमुख उद्यमी राजेश राणा की संघर्ष और सफलता की कहानी ने भी उपस्थित युवाओं और अन्य लोगों का ध्यान आकर्षित किया। टिहरी के सेम मुखेम से निकलकर कई देशों तक अपना व्यवसाय फैलाने वाले राजेश राणा ने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना जरूरी है। छोटा काम करने का अवसर मिले तो भी उसे करने में हिचक नहीं होनी चाहिए।
पुरोला के सेवक नौटियाल ने भी अपनी उद्यमशीलता की यात्रा के अनुभव साझा किए। अपनी टेक्नोलॉजी से संबंधित कंपनी के माध्यम से उन्होंने कारोबार को देश-दुनिया तक फैलाया है। उन्होंने कहा कि उद्यमिता अपनाकर युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
'बालिका वधू' सीरियल से पहचान बनाने वाली अल्मोड़ा की रूप दुर्गापाल ने अपने करियर का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पहले इंजीनियरिंग की नौकरी कर रही थीं, लेकिन जीवन में आए एक टर्निंग प्वाइंट ने उन्हें मुंबई तक पहुंचा दिया। उन्होंने करियर के चयन को लेकर युवाओं और अभिभावकों के बीच खुले संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया।
लोक कलाकार कविलास नेगी ने गीतों के महत्व पर बात करते हुए अपना प्रसिद्ध गीत 'पाड़ी पाड़ी मत बोलो' प्रस्तुत किया। वहीं, प्रसिद्ध उद्यमी शैलेश उप्रेती का रिकॉर्डेड वीडियो भी सत्र में दिखाया गया। इसमें उन्होंने राज्य सरकार से दून विश्वविद्यालय में बैटरी इनोवेशन सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया।
इससे पहले दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने स्वागत एवं परिचय संबोधन में कहा कि जेन जी हमारे ही बच्चे हैं और उनकी सोच भी हमसे अलग नहीं है। अंतर केवल इतना है कि वे तकनीकी युग में हैं, इसलिए उनकी गति तेज है। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों से निकलकर सफलता की इबारत लिखने वाले लोगों के संस्मरण प्रेरणादायी होते हैं और उनसे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
यूकॉस्ट के डीजी प्रो. दुर्गेश पंत ने नई पीढ़ी को प्रतिभाशाली, आत्मविश्वास से भरपूर और बेहतर काम करने वाली पीढ़ी बताया। उन्होंने कहा कि पुराने समय में लोग सीमित जानकारी के साथ आगे बढ़े, जबकि आज के युवाओं के पास असीमित जानकारी उपलब्ध है। उत्तराखंडियों के डीएनए में कठोर मेहनत, संघर्ष और ईमानदारी है। ऐसे में विकसित उत्तराखंड बनने में कोई अड़चन नहीं है।
प्रो. पंत ने कहा कि राज्य लगातार तरक्की कर रहा है। आज देश की पांचवीं साइंस सिटी देहरादून में बन रही है, जिसकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।
सत्र का संचालन दून विश्वविद्यालय के प्रो. हर्ष डोभाल ने किया। उत्तराखंडी प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भट्ट ने चर्चा में भाग लेने वाले अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए। संघर्ष से सफलता तक के इन अनुभवों के माध्यम से सम्मेलन ने युवाओं के सामने यह संदेश रखा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण हों, निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता से आगे बढ़ने के रास्ते बनाए जा सकते हैं।