उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जनपदों में सिंचाई व्यवस्था, सड़कों, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹353.93 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। इन स्वीकृतियों में पौड़ी, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और चम्पावत जनपदों के विकास कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली स्थापित करने के लिए कुल ₹78.50 लाख की स्वीकृति प्रदान की है। इसमें जनपद पौड़ी की एक नर्सरी के लिए ₹14.53 लाख तथा जनपद देहरादून की 09 नर्सरियों के लिए ₹63.97 लाख की धनराशि शामिल है।

जनपद देहरादून में सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जौनसार-बावर सुद्धोवाला में जनमिलन केंद्र/भवन निर्माण के लिए अवशेष धनराशि के रूप में ₹40 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए ₹96.79 लाख की मंजूरी दी गई है। इस कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹58.07 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

इसी प्रकार, ग्राम माजरी ग्रांट में वैश्वनी मंदिर पुल के पास लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर आदि के घरों तक लगभग 2 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए ₹1.37 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना की प्रथम किश्त के रूप में ₹81.97 लाख की धनराशि जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

जनपद ऊधमसिंह नगर के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में शिव मंदिर, अंजनिया के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और चारदीवारी निर्माण के लिए मुख्यमंत्री ने ₹10 लाख की धनराशि स्वीकृत की है।

वहीं, जनपद पिथौरागढ़ के पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भूमिया मंदिर गैंठन से कालसिन मंदिर एवं खूनी गांव तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए ₹92.32 लाख की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹55.39 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इसके अलावा, जनपद चम्पावत के चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पचनई में भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए ₹30 लाख की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों के तहत पांच जनपदों में सिंचाई, सड़क संपर्क, धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण तथा सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों को वित्तीय सहायता मिलेगी।

Tags: