उत्तराखंड में विकास योजनाओं, सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था और आपदा प्रभावितों को राहत देने के साथ कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, आपदा राहत और हरिद्वार में कुंभ मेले से जुड़ी अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सल्ट में मरचूला-स्यालदे-देवाल घाट मोटर मार्ग (प्रमुख जिला मार्ग डोटियाल से चम्पानगर) के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसी क्षेत्र में रिची-नौघर-मण्डलकोट-भुजान मोटर मार्ग (एन.एच.-71) के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 6.20 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

जनपद पौड़ी के विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 से 16 तक सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 7.29 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 36.12 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र कपकोट में रिखाड़ी-बाछम (कर्मी से विनायकधार) मोटर मार्ग के किलोमीटर 21.500 से 30.050 तक बी.एम./बी.सी. द्वारा सुधारीकरण के लिए 9.86 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है।

पेयजल व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टर में अस्थायी पाइपलाइन बिछाने, स्टैंड पोस्ट, पीवीसी टैंक, अस्थायी जल संयोजन और वाटर फिल्टर स्थापित करने के साथ संबंधित कार्यों एवं रखरखाव के लिए 3.68 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी देने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए हरिद्वार में अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो के साथ म्यूजिकल फाउंटेन की डिजाइनिंग, आपूर्ति, स्थापना और कमीशनिंग के लिए 4.43 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भीमगोड़ा हरिद्वार में सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए 3.43 करोड़ रुपये तथा हरिद्वार शहर में शिव मूर्ति चौक से आर्य नगर चौक तक पुराने नीति पास के किनारे सड़क के डिवाइडर के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 7.35 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसके अतिरिक्त कुंभ एवं अर्द्धकुंभ मेला व्यवस्था के लिए मशीन, उपकरण, सज्जा एवं संयंत्र खरीदने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर रखी गई 10.00 करोड़ रुपये की धनराशि का अनुमोदन किया गया है।

वहीं, जनपद ऊधमसिंह नगर में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित व्यक्तियों को राहत एवं अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के लिए 18.00 करोड़ रुपये आवंटित किए जाने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से स्वीकृत कुल 78.18 करोड़ रुपये की धनराशि के माध्यम से प्रदेश में सड़क संपर्क, पेयजल सुविधाओं, आपदा प्रभावितों को आर्थिक सहायता और कुंभ मेला 2027 की तैयारियों से जुड़े विभिन्न कार्यों को वित्तीय आधार मिलेगा।

Tags: