कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गांव में दो किशोरियों के घर से जेवरात और करीब 15 हजार रुपये की नकदी लेकर चले जाने का मामला सामने आया है। मामले में किशोरियों के परिजन ने मूढ़ादेव गांव निवासी हर्षित और क्षेत्र के ही बृजेश कुमार पर दोनों को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

पीड़ित युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते गुरुवार रात घर के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन गांव में आया, जिसे मोहल्ले के लोगों ने भी देखा। आरोप है कि इसी दौरान उसकी दो किशोरियां घर में रखे जेवरात और करीब 15 हजार रुपये की नकदी लेकर घर से चली गईं।

तहरीर में पीड़ित ने आरोप लगाया कि मूढ़ादेव गांव निवासी हर्षित और क्षेत्र के ही बृजेश कुमार दोनों किशोरियों को अपने साथ ले गए हैं। उसने आशंका जताई कि दोनों किशोरियों के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

तहरीर के आधार पर सिकंदरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुधाकर सिंह ने रविवार को करीब 3 बजे बताया कि तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।


Tags: