पांडेपुर में देर रात सड़क हादसा, 35 वर्षीय राकेश यादव की अस्पताल पहुंचते ही मौत
पांडेपुर में शनिवार देर रात सड़क हादसे में 35 वर्षीय राकेश यादव गंभीर रूप से घायल हुए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
तस्वीर में सड़क हादसे के शिकार युवक का चेहरा नजर आ रहा है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के पांडेपुर इलाके में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक राकेश कुमार यादव की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल राकेश को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
मृतक की पहचान वाराणसी के डांडी निवासी राकेश कुमार यादव (35) के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार देर रात राकेश किसी काम से पांडेपुर इलाके में गए थे। इसी दौरान वह सड़क हादसे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद राकेश की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित राजकीय महिला अस्पताल लाया गया।
डॉक्टर देवेश पांडे के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक युवक की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद राकेश को मृत घोषित कर दिया। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
फिलहाल हादसा किस वाहन से और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे की परिस्थितियों और इसमें शामिल वाहन की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।