जावा सागर में 242 यात्रियों से भरा ‘वर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ जहाज लापता, बचाव अभियान तेज
जावा सागर में 242 यात्रियों से भरा ‘वर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ जहाज लापता है। आखिरी लोकेशन बंजारमासिन से 148 किमी दूर मिली।
तस्वीर में समुद्र में राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात पोत और हेलीकॉप्टर नजर आ रहे हैं।
। इंडोनेशिया में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 242 यात्रियों से भरा यात्री जहाज ‘वर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ जावा सागर में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। यह पोत पूर्वी जावा के सुरबाया से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन स्थित बंजारमासिन की ओर जा रहा था। समुद्र के बीच अचानक मौसम बिगड़ने के बाद जहाज का तट से संपर्क पूरी तरह टूट गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए इंडोनेशियाई बचाव एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
दक्षिण कालीमंतन की राजधानी बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय को जहाज के संपर्क से बाहर होने की आपातकालीन सूचना मिली। पोत के ऑपरेटर के अनुसार, समुद्र में अचानक मौसम खराब होने के साथ जहाज की संचार व्यवस्था में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद रेडियो संपर्क कट गया और पोत से कोई संपर्क नहीं हो सका।
राहत और बचाव एजेंसियों के अनुसार, लापता जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में दर्ज की गई थी। यह लोकेशन बंजारमासिन तट से लगभग 148 किलोमीटर दूर मिली। फिलहाल किसी यात्री के हताहत होने या जहाज के डूबने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बचावकर्मियों का पहला लक्ष्य जहाज की सटीक लोकेशन का पता लगाकर उसमें सवार 242 लोगों तक जल्द से जल्द राहत पहुंचाना है।
बंजारमासिन बचाव एजेंसी के ऑपरेशंस चीफ अरियांतो अर्दी ने पोत से संपर्क टूटने की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही बचावकर्मियों और नौकाओं को उस समुद्री क्षेत्र की ओर रवाना कर दिया गया, जहां से जहाज का अंतिम सिग्नल मिला था।
पूरे तलाशी अभियान को संचालित करने और पल-पल की स्थिति पर नजर रखने के लिए त्रिशक्ति में एक मुख्य ऑपरेशंस पोस्ट स्थापित किया गया है। बचाव दल की कई टीमें समुद्र में लापता पोत की तलाश में जुटी हैं और आखिरी ज्ञात लोकेशन के आसपास के दायरे में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल अभियान का मुख्य केंद्र लापता जहाज की लोकेशन का पता लगाना और उसमें सवार यात्रियों तक राहत पहुंचाना है।