मुजफ्फरनगर सड़क हादसा: पानीपत-खटीमा हाईवे पर कार में आग लगने से 6 की मौत
तितावी के जग्गाहेड़ी के पास पोल से टकराकर अनियंत्रित कार में लगी भीषण आग, हरियाणा निवासी महिला समेत सभी 6 सवारों की मौके पर ही झुलसकर मौत।
पानीपत-खटीमा हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर जली कार की जांच करती तितावी थाना पुलिस टीम।
मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल उखड़ गया और कार सड़क की दूसरी पटरी पर जाकर पलट गई। इसके तुरंत बाद वाहन में भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें सवार छह लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। सभी की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। कार हरियाणा की ओर से मुजफ्फरनगर आ रही थी। जग्गाहेड़ी के समीप पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए दूसरी पटरी पर पलट गई। टक्कर के बाद आसपास के लोग और कार सवार कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वाहन में आग भड़क उठी। शुरुआती आशंका के मुताबिक, आग फ्यूल टैंक या शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर कंकाल बन चुकी थी। उसमें सवार सभी छह लोगों की जलने से मौत हो गई। पुलिस ने क्षत-विक्षत शवों को कार से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
हादसे की भयावहता के चलते मृतकों के शवों की तत्काल प्रत्यक्ष पहचान नहीं हो सकी। पुलिस वाहन की नंबर प्लेट और रजिस्ट्रेशन विवरण के आधार पर मृतकों की शिनाख्त में जुटी है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के जींद जिले के निवासी थे। पुलिस वाहन स्वामी के विवरण के जरिए मृतकों के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
एसपी देहात महादिक अक्षय संजय ने बताया कि हादसे में कुल छह लोगों की जान गई है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। कार डिवाइडर पर लगे पोल से टकराकर पलटी थी, जिसके बाद उसमें आग लग गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक हरियाणा के निवासी थे। वाहन स्वामी के आधार पर परिजनों से संपर्क साधने और शवों की आधिकारिक शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना और आग लगने की सटीक वजह सामने आ सकेगी।
पानीपत-खटीमा हाईवे पर हुए इस हादसे में एक ही कार में सवार छह लोगों की जान चली गई। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।