उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सवारी बैठने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आंबेडकर तिराहे के पास एक मयूरी (ई-रिक्शा) चालक ने मां-बेटी के साथ सरेराह मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे युवती के पिता को भी आरोपी ने नहीं बख्शा। आरोप है कि चालक ने युवती का मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया और तोड़ दिया। दिनदहाड़े व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया।

घटना 8 नवंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे की है। मोदीनगर रोड स्थित आदर्श नगर कॉलोनी निवासी खुशी अपनी मां हेमलता के साथ बाजार आई थीं। घर लौटने के लिए दोनों आंबेडकर मूर्ति के पास सवारी का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान वे एक मयूरी में बैठ गईं।

आरोप है कि मयूरी चालक गोलू निवासी चंद्रलोक कॉलोनी ने बिना किसी वजह के उनसे बहस शुरू कर दी। विरोध करने पर चालक गाली-गलौज करने लगा। जब खुशी और उनकी मां ने मयूरी से उतरने की कोशिश की तो आरोपी ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मां-बेटी के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर खुशी के पिता अशोक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी चालक ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की। इसी दौरान चालक ने युवती का मोबाइल फोन छीनकर पटक दिया, जिससे वह टूट गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार नगर कोतवाली पहुंचा और आरोपी चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गोलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

आंबेडकर तिराहे जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवारी बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों के साथ मारपीट और युवती के मोबाइल फोन को नुकसान पहुंचाने तक पहुंच गया। अब पुलिस जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Tags: