हापुड़ देहात थाना पुलिस टीम 'ऑपरेशन स्माइल' के तहत घर से भटके बुलंदशहर निवासी मानसिक रूप से कमजोर युवक की पहचान कर उसे सकुशल परिजनों को सौंपते हुए।

हापुड़ देहात थाना पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत घर से बिछड़े मानसिक रूप से कमजोर युवक को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया। बुलंदशहर का रहने वाला युवक रास्ता भटककर हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में लावारिस अवस्था में घूम रहा था। पुलिस के प्रयासों से युवक के परिजनों का पता लगाया गया और उसे सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, युवक तेल मील सरकारी कॉलोनी, कस्बा व थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर का निवासी है। वह किसी कारणवश अपने घर से रास्ता भटक गया था और हापुड़ देहात थाना क्षेत्र की एटूजेड चौकी के अंतर्गत लावारिस एवं बेसहारा स्थिति में घूम रहा था। मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण युवक अपने घर का सही पता बताने में असमर्थ था।

जनपद में चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत हापुड़ देहात थाना पुलिस ने युवक की स्थिति को देखते हुए उसकी पहचान और परिजनों का पता लगाने के प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मियों ने धैर्यपूर्वक प्रयास करते हुए युवक के सही पते और परिवार के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद परिजनों से संपर्क किया गया और युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

लंबे समय से बिछड़े अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत जताई। उन्होंने हापुड़ पुलिस की कार्यशैली और इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

इस कार्रवाई में थाना हापुड़ देहात के उपनिरीक्षक अमित कुमार और रि०का० 411 अभिषेक कुमार त्यागी मुख्य रूप से शामिल रहे। ऑपरेशन स्माइल के तहत पुलिस की इस कार्रवाई से बुलंदशहर के गुमशुदा युवक को उसके परिवार से मिलाने में सफलता मिली।

Tags: