हापुड़ (UP)। जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भड़ंगपुर में परचून की दुकान पर सामान खरीदने के दौरान हुआ मामूली विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। बाइक सवार चार युवकों ने गाली-गलौज के बाद तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसमें विकास नामक युवक के हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भड़ंगपुर निवासी विकास ने बाबूगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत में उसने बताया कि वह अपने साथी सुमित निवासी ग्राम शेखपुर के साथ गांव के ही बब्बू की परचून की दुकान पर सामान खरीदने गया था। इसी दौरान वहां पहुंचे चार युवकों ने दोनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों की पहचान हर्ष और लक्की निवासी ग्राम भड़ंगपुर तथा प्रिंस डबास और विनीत निवासी ग्राम लुखराड़ा के रूप में हुई है। विकास ने जब आरोपियों की हरकत का विरोध किया और खुद को बचाने के लिए उनकी तरफ प्लास्टिक की बोतल फेंकी, तो लक्की ने तमंचा निकालकर उस पर सीधे गोली चला दी।

फायरिंग में गोली विकास के हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे और हवाई फायरिंग करते हुए बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित विकास की शिकायत पर बाबूगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों हर्ष, लक्की, प्रिंस डबास और विनीत की तलाश शुरू कर दी है। परचून की दुकान पर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी में बदलने से ग्राम भड़ंगपुर में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।

Tags: