अयोध्या दीपोत्सव 2026 के अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रामकथा पार्क में विधि-विधान से पूजन किया।

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की प्राणप्रिय नगरी अयोध्या शनिवार को एक बार फिर आस्था, भक्ति और उल्लास के अद्भुत प्रकाश से जगमगा उठी। सरयू के कनक कछार से लेकर राम की पैड़ी और अयोध्या के मंदिरों, गलियों व प्रमुख मार्गों तक 36 लाख से अधिक दीपों की रोशनी ने त्रेतायुग जैसी छटा बिखेर दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रामनगरी में लगातार 10वीं बार आयोजित दीपोत्सव-2026 में आस्था का ऐसा दृश्य दिखाई दिया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की निगाहें देर तक ठहर गईं।

इस भव्य आयोजन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलित किए। अतिथियों ने उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से तैयार रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित 3डी होलोग्राफी प्रोजेक्शन मैपिंग और लाइव परफॉर्मेंस के साथ प्रस्तुत भव्य लेजर शो का भी अवलोकन किया। उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में दीपोत्सव की भूरि-भूरि प्रशंसा की। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के प्रसंग पर भव्य आतिशबाजी भी की गई।

शनिवार की सांझ अयोध्या का दृश्य अद्भुत और अलौकिक नजर आया। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर दीपोत्सव के दौरान 36 लाख से अधिक दीपों से रोशन रामनगरी को देखने के लिए हर कोई अपलक खड़ा रहा। अयोध्यावासी हों या देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु अथवा दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आए पर्यटक, सभी को अवधपुरी के कण-कण में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की छवि दिखाई दी। पूरी रामनगरी 'श्रीराम, जय राम, जय जय राम' के उद्घोष से गूंजती रही।


सरयू तट स्थित राम की पैड़ी पर प्रज्वलित दीपों के बीच श्रद्धालुओं ने हर्ष और उल्लास के साथ अपने आराध्य के प्रति आस्था निवेदित की। 'राम राम जय राजा राम', 'जय सिया राम' और 'सियावर रामचन्द्र की जय' के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सरयू की लहरों में उठती तरंगों के बीच ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो सरयू मैया भी अपने राम के स्वागत में उमंगित हों। अयोध्या के मंदिरों, छोटी गलियों, मुख्य मार्गों और सरकारी व धार्मिक भवनों पर आकर्षक रोशनी की गई। नगरवासियों ने भी अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव में सहभागिता निभाई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आग्रह पर रामनगरी के घरों, मठ-मंदिरों, आश्रमों, चौराहों और भवनों में भी दीप जलाए गए। राम की पैड़ी सहित अयोध्या के 56 घाटों पर 36 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, विभिन्न महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों और स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े 35 हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने घाटों पर दीप सजाने के साथ उनमें तेल और बाती डालने तथा दीप प्रज्वलन की व्यवस्था संभाली। देश-विदेश से पहुंचे आगंतुकों ने स्वच्छ, सक्षम, नव्य, भव्य और दिव्य अयोध्या के दर्शन किए।

दीपोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ रामकथा पार्क में विधि-विधान से पूजन किया। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, संकटमोचन हनुमान और ऋषि-मुनियों की आरती उतारी। सभी को तिलक लगाकर और पुष्पमालाएं पहनाकर श्रद्धा निवेदित की गई। इस दौरान राम परिवार और ऋषि-मुनियों का पूजन भी हुआ। मंच पर मुख्यमंत्री, संतों और मंत्रियों ने भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया।

अवधपुरी में पुष्पक विमान के माध्यम से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के आगमन का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री सहित अनेक मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भगवान श्रीराम के रथ को खींचा। अपने आराध्य के स्वागत का यह दृश्य देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। साधु-संतों, सनातन धर्मावलंबियों और आमजन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आशीर्वाद दिया।

भव्य दीपोत्सव के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भगवान श्रीराम का राजतिलक किया और उनकी आरती उतारी। सभी ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी को तिलक लगाकर तथा उपहार भेंट कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। इसके बाद साधु-संतों और अन्य मंत्रियों ने भी प्रभु श्रीराम का राजतिलक कर आरती उतारी। पूरे परिसर में जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 में प्रदेश की बागडोर संभालने के बाद दीपोत्सव की परिकल्पना को साकार किया था। उनके नेतृत्व में प्रतिवर्ष इस आयोजन की भव्यता बढ़ती गई और इस वर्ष 36 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर अपने संबोधन की शुरुआत 'सियावर रामचंद्र भगवान, पवनसुत हनुमान, वृंदावन बिहारी लाल, सरयू मैया, भारत माता, हर हर महादेव' के जयकारों के साथ की। उन्होंने अपने उद्बोधन का समापन भी 'जय जय श्रीराम' के उद्घोष से किया।

दीपोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना 'एक भारत- श्रेष्ठ भारत' की झलक भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रांतों, भाषाओं, समुदायों, जातियों और विधाओं से जुड़े लोग आस्था के दीप प्रज्वलित करने अयोध्या पहुंचे।

त्रेतायुग की अयोध्या की भव्यता को वर्तमान में जीवंत करने के उद्देश्य से पूरी नगरी को विशेष रूप से सजाया गया। श्रीराम मंदिर के प्रमुख द्वारों पर तोरणद्वार बनाए गए और कई कुंतल फूलों से अयोध्या को सजाया गया। सुबह निकली शोभायात्रा में 21 झांकियां शामिल रहीं। विभिन्न देशों के कलाकारों ने रामलीला का मंचन किया। देश-विदेश और उत्तर प्रदेश के 2500 से अधिक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला। शहर के प्रमुख चौराहों पर रंगोलियां सजाकर समृद्धि की कामना की गई।

दीपोत्सव के दौरान सरयू तट पर वैदिक परंपराओं के अनुरूप आरती का आयोजन भी हुआ। वेदाचार्यों ने सरयू मैया की आरती की। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सरयू मैया की आरती उतारी। इस दौरान योगी मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों के साथ साधु-संत और अनेक विशिष्टजन भी मौजूद रहे। आरती के लिए कई मंच तैयार किए गए थे।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण स्वदेशी ड्रोन शो रहा। अयोध्या के आकाश में ड्रोन के माध्यम से भगवान श्रीराम की आकृति उकेरी गई। इसके साथ ही रामायण के विभिन्न प्रसंगों को भी आकाश में प्रदर्शित किया गया। इन दृश्यों ने श्रद्धालुओं को भाव-विह्वल कर दिया। उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियों से दर्शकों को परिचित कराया। भगवान श्रीराम के शुभागमन पर हुई भव्य आतिशबाजी के साथ दीपोत्सव-2026 का उल्लास पूरे वातावरण में छा गया। 56 घाटों पर प्रज्वलित 36 लाख से अधिक दीपों, 35 हजार से अधिक स्वयंसेवकों की सहभागिता और 2500 से अधिक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने अयोध्या के इस आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

Tags: