पीडीडीयू नगर के सपा कार्यालय में मुलायम सिंह यादव की जयंती पर नेताओं व कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी।

चंदौली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को पीडीडीयू नगर के मानस नगर स्थित सपा कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को याद किया।

पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों को सम्मान, समान अवसर और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। उनके विचार और समाजवादी सिद्धांत आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी के बताए रास्ते पर चलना और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने संघर्ष, सादगी और जनसेवा के बल पर देश की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने जीवनभर गरीबों और कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की। उनका राजनीतिक और सामाजिक योगदान सदैव याद किया जाता रहेगा।

श्रद्धांजलि सभा में पारस यादव, सभासद राजकुमार कनौजिया, संतोष कुमार, स्वदेशी गुप्ता, नियाज, अनिल दाढ़ी, केदार यादव, अमरेश यादव, प्रेम तिवारी, कमलेश यादव, तेजबली यादव और सरजू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नेताजी को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके विचारों और समाजवादी सिद्धांतों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।

Tags: