चंदौली थाने के बाहर पुलिसकर्मियों के साथ गोवंश तस्करी मामले में गिरफ्तार पांच आरोपी खड़े दिखाई दे रहे हैं।

चंदौली में गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सैयदराजा और चंदौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी टाटा सफारी स्ट्रोम वाहन में दो बछड़े और एक बछिया को क्रूरतापूर्वक बांधकर वध के लिए बिहार ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में दो ऐसे हैं, जिनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और गोवध अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को सूचना मिली थी कि दुधारी के रास्ते एक सफारी वाहन में गोवंश लादकर बिहार ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मनराजपुर तिराहे पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक कच्चे रास्ते से भागने लगा। इसी बीच वाहन का पहिया गड्ढे में फंस गया। इसके बाद वाहन में सवार पांचों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गोवंशों को जौनपुर के सिरकोनी से लाकर बिहार ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस जांच में उनके पास गोवंशों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी नहीं मिला।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में काजू उर्फ चन्द्रजीत यादव के खिलाफ पांच और राहुल यादव के खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों का आपराधिक इतिहास हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और गोवध अधिनियम समेत गंभीर मामलों से जुड़ा है।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा टाटा सफारी स्ट्रोम वाहन और उसमें ले जाए जा रहे तीन गोवंश भी सामने आए हैं।

Tags: