एटा के जीआईसी मैदान में पति आकाश द्वारा बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने के विरोध में शिकायत दर्ज कराती पहली पत्नी।  

एटा के जीआईसी मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक की दूसरी शादी की तैयारी के बीच उसकी पहली पत्नी मौके पर पहुंच गई। बिना तलाक दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए पत्नी ने विवाह का विरोध किया और पुलिस से शिकायत कर दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूल्हे को हिरासत में ले लिया और विवाह रुकवा दिया।

जानकारी के अनुसार, जीआईसी मैदान में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा था। इसी समारोह में आकाश दूसरी शादी करने पहुंचा था। विवाह की तैयारियों के बीच उसकी पहली पत्नी पंडाल में पहुंच गई। पति को दूसरी शादी करते देख उसने विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद समारोह स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई।


युवती ने आरोप लगाया कि उसका पति बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा है। उसने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की और विवाह रुकवाने की मांग की। सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे आकाश को हिरासत में ले लिया।

बताया गया है कि आकाश की शादी 14 नवंबर 2021 को हुई थी। पति-पत्नी के बीच करीब तीन साल से पारिवारिक विवाद चल रहा है और यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद दूसरी शादी करने की कोशिश का आरोप सामने आने के बाद पहली पत्नी ने समारोह स्थल पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।

पुलिस ने तत्काल विवाह रुकवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। सामूहिक विवाह समारोह में पहली पत्नी के पहुंचने से दूसरी शादी का मामला सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है।

Tags: