बुलंदशहर के अवन्ती नगर में तीन वर्षीय बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच की।   

बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। लापता बच्ची की तलाश के दौरान उसका शव घर से महज 40 मीटर दूर एक किराये के कमरे में मिला। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए तंत्र क्रिया के नाम पर मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने कमरे में किराये पर रह रही महिला सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामला मोहल्ला अवन्ती नगर भूड़ का है। पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र से तीन वर्षीय बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान बच्ची का शव उसके घर से करीब 40 मीटर की दूरी पर स्थित रोहताश राजपूत के मकान में किराये पर रह रही महिला सोनाली के कमरे से बरामद हुआ।

मासूम का शव मिलने की सूचना फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि तंत्र क्रिया के नाम पर बच्ची का मुंह दबाकर उसकी हत्या की गई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने संदिग्ध महिला सोनाली को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

उधर, पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

Tags: