मुजफ्फरनगर में शादी की दावत बनी आफत: गाजर का हलवा खाने से 100 से अधिक बीमार
| ग्रामीणों ने हलवे में कच्चा रिफाइंड तेल डालने का आरोप लगाया है। स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा टीम ने नमूने लेकर जांच शुरू की तथा कई मरीजों को मेरठ रेफर किया गया।
मुजफ्फरनगर के नगवा में शादी की दावत का हलवा खाने से बीमार हुए ग्रामीणों का उपचार जारी है।
मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के गांव नगवा में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम और अफरा-तफरी में बदल गईं, जब शुक्रवार रात आयोजित 'मढ़े की दावत' में गाजर का हलवा खाने से महिलाओं और बच्चों समेत 100 से अधिक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद बीमारों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। कई मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ मेडिकल सहित उच्च स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव नगवा निवासी पवन सिंह के पुत्र अनंत कुमार की बारात रविवार को जानी है। शादी की रस्मों के तहत शुक्रवार रात गांव में 'मढ़े की दावत' आयोजित की गई थी। इसमें अन्य व्यंजनों के साथ गाजर का हलवा भी परोसा गया। ग्रामीणों के मुताबिक, भोजन करने के कुछ ही घंटों बाद लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई। दावत में हलवा खाने वाले ग्रामीण एक के बाद एक बीमार पड़ने लगे, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गाजर का हलवा तैयार करते समय हलवाई ने उसमें कच्चा रिफाइंड तेल डाल दिया था। इसी वजह से हलवा विषाक्त हो गया और इसे खाने वाले लोगों की तबीयत बिगड़ गई। हालांकि, खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से बीमार लोगों को बुढ़ाना कस्बे के अवेंटिस अस्पताल पहुंचाया। एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों ने सभी मरीजों का उपचार शुरू किया और गंभीर हालत वाले कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ के उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर कर दिया।
अस्पताल में भर्ती जन्मजेय प्रताप, सुमित, मानवी, अरमान, शगुन, अमरजीत, हरिओम, आयुष, अवनी, पूनम, अवि, सोनू, मोनू और मुकेश की हालत में सुधार होने पर उन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम गांव नगवा पहुंची और दावत में तैयार किए गए गाजर के हलवे सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में विषाक्तता का कारण क्या था।
दूसरी ओर, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीएचसी बुढ़ाना की स्वास्थ्य टीम ने भी गांव का दौरा किया। टीम ने घर-घर जाकर बीमार ग्रामीणों की स्थिति का जायजा लिया। सीएचसी के डॉ. विपुल तोमर ने बताया कि गांव में सर्वे और स्वास्थ्य जांच के दौरान फूड पॉइजनिंग के लक्षण वाले 29 मरीज मिले। सभी को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करा दी गई हैं। फिलहाल सभी मरीजों का स्वास्थ्य ठीक है और स्थिति नियंत्रण में है।
शादी समारोह की दावत में भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार पड़ने की घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। खाद्य पदार्थों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट से ही इस सामूहिक फूड पॉइजनिंग की वजह सामने आ सकेगी।