लखनऊ एयरपोर्ट पर सोना तस्करी का खुलासा, नी-कैप में छिपा 1023 ग्राम सोना बरामद
| लखनऊ एयरपोर्ट पर जेद्दा से आई फ्लाइनास की उड़ान के जरिए सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है। नी-कैप में छिपाकर लाए गए 1023 ग्राम सोने के पेस्ट के साथ मुजफ्फरनगर के दो युवक गिरफ्तार हुए, जबकि एक आरोपी फरार है।
सरोजनीनगर थाने में पुलिसकर्मियों के साथ खड़े सोने की तस्करी के दो गिरफ्तार आरोपी दिख रहे हैं।
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। सरोजनीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरनगर के दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से नी-कैप में छिपाकर लाया गया 1023 ग्राम सोने का पेस्ट बरामद किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल काली किया सोनेट कार, दो मोबाइल फोन, 8900 रुपये नकद और सऊदी अरब का आईडी कार्ड भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, सोना सऊदी अरब के जेद्दा से फ्लाइनास की उड़ान संख्या एक्सवाई-605 के जरिए बुधवार सुबह लखनऊ लाया गया था। बुधवार 18 नवंबर की रात सरोजनीनगर थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति और अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक अजय पाल से मिली जानकारी के आधार पर उपनिरीक्षक अवनीश वर्मा पुलिस टीम के साथ शहीद पथ पर लक्ष्मण चौक के आगे एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले यू-टर्न पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि जेद्दा से आई उड़ान के जरिए तस्करी कर लाए गए सोने को लेने कुछ लोग मुजफ्फरनगर नंबर की काली किया सोनेट कार (यूपी12 सीई 9643) से आने वाले हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने एयरपोर्ट क्षेत्र और शहीद पथ पर घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर चालक ने कार किनारे लगाई। इसके बाद कार में सवार तीनों लोग पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी अब्दुल अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम बागोवाली निवासी मोहम्मद अब्दुल्ला (30) और छपार थाना क्षेत्र के ग्राम खुड्डा निवासी मोहम्मद सम्मून (28) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अब्दुल्ला की जैकेट में रखी पीले रंग की नी-कैप में सिला हुआ 514 ग्राम सोने का पेस्ट मिला। वहीं, सम्मून के पास से दूसरी नी-कैप में 509 ग्राम सोने का पेस्ट बरामद हुआ। इस तरह कुल 1023 ग्राम सोने का पेस्ट जब्त किया गया। पुलिस ने स्थानीय सुनार की मदद से पेस्ट को गलवाकर उसका परीक्षण कराया और जांच के लिए नमूने तैयार किए।
पूछताछ में सम्मून ने बताया कि वह वर्ष 2024 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गया था। वहां नौकरी छूटने के बाद वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात वहाब नामक व्यक्ति से हुई। वहाब ने भारत लौटने का पूरा खर्च उठाने के बदले उसे नी-कैप में सोने का पेस्ट छिपाकर लखनऊ लाने का प्रस्ताव दिया था। सम्मून इस पर तैयार हो गया और सोना लेकर लखनऊ पहुंचा।
योजना के अनुसार, एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सम्मून ने एक नी-कैप अब्दुल्ला को सौंप दी थी। अब्दुल्ला निर्धारित ठिकाने तक सोना पहुंचाने के लिए उसे लेने आया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कस्टम जांच से बचकर सोने के साथ एयरपोर्ट परिसर से बाहर निकलने में सफल रहे थे। हालांकि, आगे मुख्य मार्ग पर भारी जाम होने के कारण उन्होंने दूसरा रास्ता अपनाने का प्रयास किया। इसी दौरान शहीद पथ पर पुलिस की वाहन जांच के दौरान उनकी कार रोक ली गई और दोनों आरोपी पकड़ में आ गए।
सरोजनीनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी अब्दुल और गिरोह के अन्य सरगनाओं की तलाश कर रही है।
कस्टम जांच से बचकर अंतरराष्ट्रीय उड़ान से लाया गया 1023 ग्राम सोने का पेस्ट एयरपोर्ट परिसर से बाहर निकलने में सफल रहा। इस घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। पुलिस अब फरार आरोपी और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।