पुलिस वर्दी में मिर्जापुर एसपी अपर्णा रजत कौशिक बालक की हत्या के संदर्भ में जानकारी दे रही हैं।

मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में फिरौती के लिए 12 वर्षीय बालक प्रिंस बिंद का अपहरण कर गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही हिस्ट्रीशीटर ने बाइक चलाने का लालच देकर बच्चे को अपने साथ लिया और फिरौती के लिए उसका अपहरण कर लिया। आरोपी ने उसी दिन बच्चे की हत्या कर शव कुशियरा जंगल में छिपा दिया। पुलिस ने करीब 24 घंटे बाद आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय रहते तलाश शुरू की जाती तो बच्चे की जान बच सकती थी।

मृतक की पहचान प्रिंस बिंद (12 वर्ष) पुत्र केशव बिंद निवासी सेमरी, विंध्याचल के रूप में हुई है। घटना विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के सेमरी गांव की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र पुत्र मताम्बर निवासी परसिया कामापुर 9 नवंबर को शाम करीब 4 बजे प्रिंस को बाइक चलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसने फिरौती के लिए बालक का अपहरण कर लिया। आरोप है कि उसी दिन शाम 6:30 बजे लालगंज क्षेत्र के कुशियरा जंगल में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव वहीं छिपा दिया।

बेटे के लापता होने के बाद पिता केशव बिंद ने 10 नवंबर को विंध्याचल थाने में अपहरण की सूचना दी। इस पर पुलिस ने मु.अ.सं. 313/2026 के तहत धारा 137(2) BNS में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश में तत्काल सक्रियता नहीं दिखाई। इस दौरान करीब 24 घंटे तक बालक का कोई सुराग नहीं मिला और परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए रहे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने तीन पुलिस टीमें गठित कीं। बुधवार सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लालगंज की तरफ से आ रहा है। इसके बाद विंध्याचल पुलिस ने गैपुरा-विजयपुर से लालगंज रोड पर घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को सामने देखकर आरोपी अपनी बाइक छोड़कर कुशियरा जंगल की ओर भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो खोखा, एक जिंदा कारतूस और स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में उसने प्रिंस की हत्या करने की बात कबूल की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर लालगंज क्षेत्र के कुशियरा जंगल से बालक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुठभेड़ में घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में लालगंज थाने में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर, NDPS और आर्म्स एक्ट सहित कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी हत्या और अपहरण के मामलों में जेल जा चुका है। इसके बावजूद आरोपी द्वारा एक 12 वर्षीय बालक का अपहरण कर हत्या किए जाने की इस घटना ने क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि 9 नवंबर की शाम ही अपहरण की आशंका को गंभीरता से लेकर तत्काल तलाश शुरू की जाती तो संभवतः प्रिंस की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज करने के बाद करीब 24 घंटे गंवा दिए, जबकि इस दौरान आरोपी बच्चे की हत्या कर चुका था। अब मुठभेड़ में आरोपी की गिरफ्तारी और जंगल से शव बरामद होने के बाद पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Tags: