हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर मेले से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, ड्रोन से पकड़ा 500 किलो लहन
गढ़मुक्तेश्वर मेले की सुरक्षा के मद्देनजर आबकारी विभाग और पुलिस ने भगवंतपुर के जंगलों में ड्रोन से सर्च ऑपरेशन चलाकर अवैध लहन नष्ट किया।
जंगलों में अवैध शराब के खिलाफ तलाशी अभियान चलाते पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में आगामी मेले से पहले अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान ड्रोन कैमरों की मदद से जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाकर भगवंतपुर के जंगल से करीब 500 किलोग्राम अवैध लहन बरामद किया गया, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
उत्तर प्रदेश शासन और आबकारी आयुक्त के आदेशों के तहत जिलाधिकारी एवं जिला आबकारी अधिकारी हापुड़ के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। उत्तर प्रदेश शासन, संयुक्त आबकारी आयुक्त (मेरठ जोन) और जिला प्रशासन के कड़े रुख के बाद जिले में अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। गढ़मुक्तेश्वर मेले के दौरान अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने भगवंतपुर और इनायतपुर के जंगलों को चारों तरफ से घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। जंगलों के दुर्गम रास्तों और संभावित ठिकानों की तलाशी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन कैमरों की मदद ली गई। ड्रोन के जरिए जंगलों में अवैध शराब बनाने के ठिकानों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई।
दबिश के दौरान भगवंतपुर के जंगल से लगभग 500 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। टीम ने अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले इस लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई को गढ़मुक्तेश्वर मेले से पहले अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा बताया गया है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर मेले की पवित्रता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध शराब की रोकथाम के लिए इस तरह की सख्त और आधुनिक तकनीक से लैस कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।