हापुड़ में ऑपरेशन तलाश की बड़ी कार्रवाई, 4 वारंटी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
एनआई एक्ट, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को हापुड़ नगर और धौलाना पुलिस ने उनके आवास से दबोचा।
पुलिस अभिरक्षा में खड़े गिरफ्तार आरोपी हापुड़ नगर और धौलाना थाना परिसर में दिखाई दे रहे हैं।
हापुड़ में अपराधियों और न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों व वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत हापुड़ नगर और धौलाना थाना पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को उनके निवास स्थान (मस्कन) से पकड़ा है।
थाना हापुड़ नगर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में जारी वारंट के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें सोहनवीर सिंह उर्फ लीलू पुत्र सिंह, निवासी मोहल्ला शिवगढ़ी, थाना हापुड़ नगर शामिल है। उसके खिलाफ वाद संख्या 76/22 और धारा 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस मामला) के तहत वारंट जारी था।
इसी कार्रवाई में सौरभ पुत्र अशोक, निवासी मोहल्ला हर्ष विहार, थाना हापुड़ नगर को भी गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ वाद संख्या 18113/25 और धारा 60 आबकारी अधिनियम (अवैध शराब मामला) के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, इमरान पुत्र साबिर, निवासी कोटला मेवातियान, थाना हापुड़ नगर को वाद संख्या 1307/14 और धारा 313, 325, 504, 506 भादवि (IPC) के तहत जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
उधर, थाना धौलाना पुलिस ने भी ऑपरेशन तलाश के तहत कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के एक वारंटी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मौ० शाहनवाज उर्फ कलवा पुत्र शहीद, निवासी ग्राम पिपलेहड़ा, थाना धौलाना के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वाद संख्या 150/19 और धारा 3/25 आयुध अधिनियम (अवैध हथियार रखने का मामला) के तहत वारंट जारी था।
हापुड़ नगर और धौलाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए चारों वारंटी अलग-अलग मामलों में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर पकड़े गए हैं। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
हापुड़ पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। ऑपरेशन तलाश के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।