हापुड़ में दीपावली के रॉकेट से प्लाईवुड फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल ने टाला बड़ा हादसा
सिंभावली के सिखेड़ा में दीपावली पर रॉकेट गिरने से सूखी लकड़ियों के ढेर में आग भड़की, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा।
हापुड़ की प्लाईवुड फैक्ट्री परिसर में उठती आग की लपटें दिखाई दे रही हैं।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दीपावली की आतिशबाजी के दौरान छोड़ा गया एक रॉकेट प्लाईवुड फैक्ट्री के बाहर रखे लकड़ियों के ढेर पर जा गिरा, जिससे अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता से फैक्ट्री का मुख्य हिस्सा और अंदर रखा कीमती सामान सुरक्षित बच गया तथा बड़ा हादसा टल गया।
घटना हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव सिखेड़ा की है। यहां हापुड़ निवासी दीपांशु गोयल की श्याम प्लाईवुड फैक्ट्री स्थित है। देर रात फैक्ट्री के बाहर खुले स्थान पर रखे लकड़ियों के ढेर में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। सूखी लकड़ियां होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया।
फैक्ट्री के आसपास मौजूद लोगों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, दीपावली के जश्न के दौरान हवा में छोड़ा गया एक रॉकेट सीधे लकड़ियों के ढेर पर आ गिरा था। रॉकेट के कारण निकली चिंगारी से सूखी लकड़ियों में आग लग गई, जिसने कुछ ही समय में बड़ा रूप ले लिया।
घटना की जानकारी तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही गढ़ अग्निशमन केंद्र से दो फायर यूनिट दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि फैक्ट्री के एक कोने में रखी लकड़ियां धू-धू कर जल रही थीं।
दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए वॉटर पंपिंग शुरू की और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आग फैक्ट्री के मुख्य हिस्से तक नहीं पहुंच सकी। इसके साथ ही अंदर रखा कीमती सामान भी सुरक्षित बचा लिया गया।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से फैक्ट्री मालिक दीपांशु गोयल को बड़े आर्थिक नुकसान से राहत मिली। दीपावली के दौरान आतिशबाजी से लगी इस आग ने एक बड़े हादसे की आशंका पैदा कर दी थी, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।