पुलिस गार्द की सलामी लेते मेरठ जोन के ADG हापुड़ मेला परिसर में नजर आ रहे हैं।

हापुड़ के ऐतिहासिक गढ़ गंगा कार्तिक मेला-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) और मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) ने मेला स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए निर्धारित रूट प्लान का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

मेला परिसर पहुंचने पर मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने गार्द की सलामी ली। इसके बाद उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण शुरू किया गया। ADG मेरठ जोन और DIG मेरठ परिक्षेत्र के साथ हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने पूरे मेला क्षेत्र का संयुक्त रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए निर्धारित इनकमिंग और आउटगोइंग मार्गों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों, वीआईपी रूट और गंगा घाटों पर सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए तैयार किए गए ट्रैफिक प्लान की समीक्षा की गई, ताकि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।

मेला स्थल पर बनाई गई अस्थायी पुलिस लाइन में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में ADG और DIG मेरठ ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए मेला थाना प्रभारी, जोनल प्रभारियों, सुपर जोनल प्रभारियों और सेक्टर प्रभारियों को सीधे कड़े दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े इंतजामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गढ़ गंगा कार्तिक मेले में इस बार लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर प्रशासन का मुख्य ध्यान उनकी सुरक्षा, सुगम यातायात और गंगा घाटों पर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने पर है। पुलिसकर्मियों को दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। ADG और DIG के निरीक्षण तथा समीक्षा बैठक के बाद पुलिस प्रशासन ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट करते हुए आयोजन को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर जोर दिया है।

Tags: