पुलिस अधिकारी अपने कार्यालय में मेज के पीछे बैठकर कार्रवाई का निर्देश देते हुए दिख रहे हैं।

मेरठ परिक्षेत्र में फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) मेरठ रेंज ने विभिन्न जघन्य अपराधों में फरार चल रहे तीन कुख्यात अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन अपराधियों के खिलाफ बुलंदशहर और हापुड़ जनपद में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी।

इनाम घोषित किए गए अपराधियों में जैद पुत्र हाजी अलीम निवासी मोहल्ला मिर्चीटोला, थाना कोतवाली नगर, बुलंदशहर शामिल है। जैद बुलंदशहर के थाना कोतवाली देहात में दर्ज हत्या के मामले में वांछित है। उसके खिलाफ बुलंदशहर में कुल 3 मुकदमे दर्ज हैं।

दूसरा आरोपी हारिस पुत्र काजिम अली निवासी शाहनगर, थाना अगौता, बुलंदशहर, हाल निवासी डी-82, अल्फा-1, बीटा-2, गौतमबुद्धनगर है। वह भी हत्या के उसी मामले में फरार चल रहा है। उसके खिलाफ भी कुल 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

तीसरा अपराधी रंदीप सिंह उर्फ राजा पुत्र जसविन्दर सिंह निवासी नानकपुरी टाडा, थाना बहेड़ी, बरेली है। उसके अन्य पते ओमेक्स कॉलोनी थैंक्स ए-002, सिडकुल पंतनगर, उधमसिंह नगर, उत्तराखंड एवं शारदा कॉलोनी, डिबडिबा फार्म, बिलासपुर, रामपुर हैं। रंदीप सिंह हापुड़ के थाना पिलखुवा में दर्ज एक मामले में वांछित है। उसके खिलाफ जनपद हापुड़ और उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) में कुल 4 अभियोग पंजीकृत हैं।

मेरठ रेंज पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर रखा है। पिछले महज 20 दिनों में परिक्षेत्र के चारों जनपदों से कुल 22 वांछित और फरार अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 10 इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इस अभियान को लेकर डीआईजी मेरठ रेंज ने परिक्षेत्र के सभी अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और पुलिस कप्तानों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने फरार और वांछित इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अभियान में और तेजी लाने को कहा है। डीआईजी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। तीन नए अपराधियों पर इनाम की घोषणा और 20 दिनों में 22 बदमाशों के खिलाफ की गई कार्रवाई मेरठ रेंज पुलिस के अभियान की व्यापकता को दर्शाती है।

Tags: