पिलखुवा पुलिस टीम के साथ खड़ा सड़क दुर्घटना में चोरी का आरोपी महिपाल सिंह दिखाई दे रहा है।

हापुड़ में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने के बजाय उसके चार लाख रुपये से भरे बैग को चोरी करने वाले आरोपी को पिलखुवा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी रकम के साथ काला बैग और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

मामला 04 नवंबर 2026 का है। हाईवे पर अनवरपुर कट के पास एक सड़क दुर्घटना में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के दौरान घायल व्यक्ति के चार लाख रुपये से भरा बैग सड़क पर पड़ा था। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर एक व्यक्ति बैग चोरी कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पिलखुवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा अपराध संख्या 558/2026 के तहत धारा 281, 125(बी), 303(2) बीएनएस (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हापुड़ पुलिस की ओर से अपराध की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिलखुवा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोनाड यूनिवर्सिटी की तरफ जाने वाले रास्ते से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महिपाल सिंह पुत्र महावीर सिंह निवासी ग्राम कैली, थाना खरखौदा, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई चार लाख रुपये की पूरी रकम बरामद कर ली। इसके अलावा घटना से संबंधित काले रंग का बैग और वारदात में इस्तेमाल की गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर UP 14 BW 0743 है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पिलखुवा थाना पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, उप-निरीक्षक लक्ष्मीकान्त सिंह, उप-निरीक्षक राजकुमार सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार, रिक्रूट कांस्टेबल 178 कृष्ण कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल 423 बनवारी लाल शामिल रहे।

पुलिस प्रशासन की ओर से गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के चार लाख रुपये चोरी करने के इस मामले में पुलिस ने पूरी रकम बरामद करने के साथ बैग और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर घटना का खुलासा किया है।

Tags: