बरेली के आंवला में ई-रिक्शा हादसे में गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय छात्रा काजल अस्पताल में भर्ती, जहां परिजन उसकी देखभाल कर रहे हैं।

बरेली के आंवला थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे छात्र-छात्राओं से भरे ई-रिक्शा को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया, जिससे उसमें सवार आठ छात्र-छात्राएं घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे में 12 वर्षीय छात्रा काजल की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, गांव लक्ष्मणपुर निवासी तोताराम ने बताया कि गांव के 10 छात्र-छात्राएं शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह ई-रिक्शा में सवार होकर रामनगर स्थित बाबू सिंह इंटर कॉलेज जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे ई-रिक्शा रामनगर गौशाला के पास मोड़ पर पहुंचा। इसी दौरान सामने से आ रही एक पिकअप का चालक वाहन को तेजी से पीछे कर रहा था।

बताया गया कि पिकअप चालक ने लापरवाही से वाहन बैक किया और सीधे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा से बच्चों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।

इस हादसे में तोताराम की 12 वर्षीय बेटी काजल को गंभीर चोटें आई हैं। उसके सिर और पैर में गहरी चोट लगी है। इसके अलावा सात अन्य छात्र-छात्राएं भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद काजल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। अन्य घायल बच्चों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद घायल बच्चों के अभिभावकों में रोष है। स्कूल जा रहे बच्चों से भरे ई-रिक्शा के पलटने की इस घटना ने आठ छात्र-छात्राओं को घायल कर दिया, जिनमें एक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है।

Tags: