मडियाहूं पुलिस स्टेशन के बाहर पुलिसकर्मी, गिरफ्तार आरोपी और जब्त पटाखे दिख रहे हैं।

दीपावली से पहले जौनपुर में अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ मडियाहूं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भण्डरिया टोला में संचालित अवैध पटाखा निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया है। ड्रोन कैमरे से निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। मौके से करीब 215 किलोग्राम तैयार पटाखों के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और पटाखे बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मडियाहूं गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह के साथ भण्डरिया टोला में छापेमारी की। इस दौरान ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी कर अवैध पटाखा निर्माण केंद्र का पता लगाया गया।

पुलिस ने मौके से इम्तियाज अहमद (48) और उसके पुत्र मोहम्मद कैफ (23) को गिरफ्तार किया। दोनों भण्डरिया टोला, थाना मडियाहूं के निवासी हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने 155 किलोग्राम अनार पटाखे, 60 किलोग्राम सुतली बम और 19.5 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखे बरामद किए। इसके अलावा मौके से बारूद, गंधक, सोरा, एल्यूमीनियम कतरन, पटाखों की बाती, कागज, रैपर और अन्य विस्फोटक सामग्री भी मिली।

अवैध पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। इनमें 1,530 खाली मिट्टी की अनार घरिया, तराजू-बांट और एक ड्रोन कैमरा शामिल है। पुलिस ने तैयार पटाखों के साथ निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरणों को भी कब्जे में लिया है।

इस मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 433/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5/9बी(1)(ए)(बी) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दीपावली से पहले हुई इस कार्रवाई में अवैध पटाखा निर्माण केंद्र का खुलासा होने के साथ बड़ी मात्रा में तैयार पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है।

Tags: