उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम दो गिरफ्तार बदमाशों के साथ बाबूगढ़ थाने में खड़ी दिखाई दे रही है।

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बाबूगढ़ थाना पुलिस ने घरों और मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ₹25,000 का इनामी बदमाश मुनीर भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, दो अवैध तमंचे (315 बोर) और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

बाबूगढ़ थाना पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और संदिग्ध अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से दोनों आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अल्लापुर से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर डबल ब्रेकर के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनीर पुत्र अनवर निवासी नवाबपुरा, हाजीनेक की मस्जिद के पास, काली नदी, थाना नागफनी, जनपद मुरादाबाद और गौरव ठाकुर पुत्र मलखान निवासी ग्राम ढिटोरा, मंदिर के पास नर्सरी के पीछे, थाना मझोला, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। मुनीर पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस गिरोह के दो अन्य सदस्यों नदीम और जयपाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उस कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से चोरी के जेवरात, ₹18,000 नकद और चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई थी। हालांकि, मुनीर और गौरव पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए थे। इसके बाद मुनीर पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।

पूछताछ के दौरान मुनीर ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह के रूप में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य हापुड़, पिलखुवा, मेरठ, मुरादाबाद सहित अलग-अलग जनपदों में घूमकर पहले बंद पड़े घरों और सुनसान स्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर ताले तोड़कर घरों में चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह मंदिरों को भी निशाना बनाता था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का विभिन्न जिलों में आपराधिक इतिहास सामने आया है। मुनीर के खिलाफ मुरादाबाद, रामपुर, मेरठ और हापुड़ के अलग-अलग थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गौरव ठाकुर के खिलाफ मुरादाबाद, सम्भल, जीआरपी और हापुड़ में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं।

गिरोह की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई में बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक गौरव बशिष्ठ, उपनिरीक्षक सूर्यपाल सिंह, हापुड़ सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक धीरज राठी, हेड कांस्टेबल 624 अंकित राठी और हेड कांस्टेबल 496 नितिन कुमार शामिल रहे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने बंद घरों और मंदिरों में चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के फरार सदस्यों तक पहुंच बनाई है।

Tags: