35वीं हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस में यूके के डंकन कुटेंडेन बने ओवरऑल चैंपियन, 6 देशों ने लिया हिस्सा
दार्जिलिंग में आयोजित 35वीं हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस का समापन, छह देशों के धावकों ने लिया हिस्सा
हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस का बैनर पकड़े प्रतिभागी और आयोजक दार्जिलिंग में पोज दे रहे हैं।
दार्जिलिंग हिमालय में आयोजित विश्व की सबसे पुरानी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित साहसिक खेल प्रतियोगिताओं में शामिल 35वीं हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस का सफलतापूर्वक समापन हुआ। 29 अक्टूबर से 02 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में यूके के डंकन कुटेंडेन ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि महिला वर्ग में अमेरिका की एनी विलियम्स ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में भारत सहित छह देशों के धावकों ने हिस्सा लेकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
‘हिमालयन रन एंड ट्रेक इंटरनेशनल एनुअल इवेंट्स’ के अंतर्गत आयोजित इस रेस में भारत, संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, चिली, मेक्सिको और यूक्रेन के दिग्गज धावक शामिल हुए। माउंट एवरेस्ट और कंचनजंघा की पर्वतमालाओं की छाया में आयोजित यह प्रतियोगिता चाय बागानों, घने जंगलों और दुर्गम पर्वतीय रास्तों से होकर गुजरी। पुरस्कार वितरण समारोह के बाद सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों ने प्रस्थान किया।
100 माइल रेस के पुरुष वर्ग में यूके के डंकन कुटेंडेन ने 24 घंटे 44 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। उन्हें प्रतिष्ठित ‘संत नागपाल बाबा स्मृति पुरस्कार’ प्रदान किया गया। चिली के जूलियो डोसाल ने 28 घंटे 44 मिनट के साथ दूसरा और भारत के कर्नल मनदीप मान ने 29 घंटे 10 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में अमेरिका की एनी विलियम्स ने 32 घंटे 20 मिनट में 100 माइल की दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। भारत की शारदा कुलकर्णी 32 घंटे 50 मिनट के समय के साथ दूसरे और यूके की सूड फेमफोर्ट 34 घंटे 58 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहीं।
100 किलोमीटर स्टेज रेस के पुरुष वर्ग में भारत के रमनजीत ओबेरॉय ने 17 घंटे 33 मिनट में रेस पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। चिली के क्रिस्टियन सिवेकिंग 18 घंटे 40 मिनट के साथ दूसरे और भारत के कर्नल के. थम्मैया उडुपा 18 घंटे 59 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में मेक्सिको की नाहिला हर्नांडेज़ ने 14 घंटे 48 मिनट में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। मेक्सिको की ही मेत्ज़ेटली इटुर्बे 15 घंटे 50 मिनट के साथ दूसरे और चिली की कारोला क्रूज़ 16 घंटे 36 मिनट में रेस पूरी कर तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के दौरान वरिष्ठ पुरुष और वरिष्ठ महिला प्रतिभागी की ट्रॉफी क्रमशः क्रिस्टियन सिवेकिंग और पुष्पा राव को प्रदान की गई। वहीं, सबसे कम आयु की प्रतिभागी का पुरस्कार 25 वर्षीया मैत्री मनराल को मिला।
रेस के संस्थापक एवं निदेशक चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि भारतीय हिमालय की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर को विश्व पटल पर प्रस्तुत करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है। इस आयोजन के माध्यम से साहसिक खेलों के साथ हिमालय के पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का संदेश दिया गया।
फ्लैग-ऑफ समारोह में जीटीए पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सूरज प्रधान उपस्थित रहे। समापन समारोह में एसएसबी के महानिरीक्षक वंदन सक्सेना की ओर से एसएसबी कमांडेंट नवीन कुमार तथा जीटीए पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सूरज प्रधान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। छह देशों के धावकों की भागीदारी और विभिन्न श्रेणियों में भारतीय एवं विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ 35वीं हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस का समापन हुआ।