चंदौली: बंद रेस्टोरेंट से अंतरराज्यीय शराब तस्करी का पर्दाफाश, 33 गिरफ्तार
सकलडीहा तिराहे पर चेकिंग के दौरान मिली सूचना के बाद पुलिस ने छापेमारी कर महिला व पुरुष तस्करों को अवैध शराब के साथ पकड़ा।
चंदौली में बंद रेस्टोरेंट से शराब तस्करी के मामले में पुलिस हिरासत में पकड़े गए 33 आरोपी।
चंदौली में बंद पड़े एक रेस्टोरेंट को अंतरराज्यीय शराब तस्करी के ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। बिहार में शराबबंदी के बावजूद वहां अवैध शराब की खेप भेजने की तैयारी कर रहे गिरोह का कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को पर्दाफाश किया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 15 पुरुषों और 18 महिलाओं समेत कुल 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 520.7 लीटर अवैध शराब, 37,690 रुपये नकद और चार वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, सकलडीहा तिराहे पर चेकिंग के दौरान बिहार निवासी सुमंत कुमार को शराब के साथ पकड़ा गया था। उससे पूछताछ में वार्ड नंबर पांच स्थित बंद चंदौली रेस्टोरेंट में शराब की बड़ी खेप जमा होने की जानकारी मिली। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल रेस्टोरेंट में छापेमारी की। वहां पुरुष और महिलाएं शराब की बोतलों को पैक करते हुए मिले। पुलिस ने मौके से सभी 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए शराब तस्करी का तरीका भी बदल रखा था। शराब की बोतलों को पहले अखबार में लपेटा जाता था और फिर पारदर्शी टेप से पैक किया जाता था। पुरुष तस्कर इन बोतलों को पिट्ठू बैग और कपड़ों के थैलों में छिपाते थे, जबकि महिला तस्कर हैंडबैग, सूटकेस और कपड़ों के भीतर शराब की बोतलें छिपाकर बिहार ले जाती थीं।
पुलिस के अनुसार, तस्करी के लिए शराब को रेलवे, बस और दोपहिया वाहनों के माध्यम से छोटी-छोटी खेप में बिहार पहुंचाने की तैयारी थी। वहां इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। गिरोह स्थानीय शराब ठेकों से शराब की खेप जुटाता था और उसे बंद रेस्टोरेंट में एकत्र कर पैकिंग के बाद बिहार भेजने की व्यवस्था करता था।
मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बंद रेस्टोरेंट से संचालित हो रहे इस तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और नकदी के साथ 33 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।