हापुड़: 5000 रुपये रिश्वत लेते वीडीओ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई
परिवार रजिस्टर नकल के एवज में 20 हजार मांग रहा था आरोपी, मेरठ एंटी करप्शन यूनिट ने ब्लॉक परिसर में की कार्रवाई
हापुड़ ब्लॉक परिसर में परिवार रजिस्टर नकल के एवज में रिश्वत लेते गिरफ्तार ग्राम विकास अधिकारी।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मेरठ से आई एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को हापुड़ ब्लॉक परिसर में छापेमारी कर ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सुशील कुमार (सुशील खारी) को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित हापुड़ ब्लॉक में हुई इस अचानक कार्रवाई से परिसर में हड़कंप मच गया।
मामले के अनुसार, सालेपुर कोटला निवासी शिकायतकर्ता सलमान ने 30 अक्टूबर को एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। सलमान का आरोप था कि परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने और उनका जायज काम करने के बदले ग्राम विकास अधिकारी सुशील कुमार पिछले एक महीने से लगातार दबाव बना रहे थे। आरोप है कि अधिकारी ने इस काम के एवज में कुल 20,000 रुपये की मांग की थी। इसमें से पहली किस्त के रूप में 5,000 रुपये 'दावत' के नाम पर मांगे जा रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन यूनिट के प्रभारी राहुल देव तोमर के नेतृत्व में टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। इसके बाद आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए सुनियोजित जाल बिछाया गया। मंगलवार दोपहर शिकायतकर्ता सलमान जैसे ही ब्लॉक कार्यालय में ग्राम विकास अधिकारी सुशील कुमार को केमिकल लगे 5,000 रुपये देने पहुंचे, पहले से सादे कपड़ों में तैनात एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारी को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद टीम ने रिश्वत लेने की पुष्टि के लिए आरोपी अधिकारी के हाथ धुलवाए। इस दौरान केमिकल के संपर्क में आने से पानी का रंग तुरंत लाल हो गया। इसके बाद टीम आरोपी को हिरासत में लेकर नगर कोतवाली पहुंची।
एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Anti-Corruption Act) के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है। हापुड़ ब्लॉक परिसर में दिनदहाड़े हुई इस गिरफ्तारी के बाद अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों में भी खौफ का माहौल है।