एटा स्थित कोतवाली नगर थाना परिसर के बाहर खड़ी पुलिस गाड़ी और मुख्य बोर्ड।

एटा जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक रिटायर्ड फौजी की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। ट्यूलिप स्कूल के समीप स्थित किराए के मकान में रिटायर्ड फौजी बेसुध अवस्था में पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बखेड़ी सिंह पुत्र रघुवर सिंह (55 वर्ष) ट्यूलिप स्कूल के समीप एक किराए के मकान में रहते थे। घटना के समय वह घर में अकेले मौजूद थे। उनकी पत्नी पुष्पा देवी भोले बाबा के सत्संग में शामिल होने गई थीं। जब वह सत्संग से वापस घर लौटीं तो उन्होंने बखेड़ी सिंह को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद पत्नी के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी पुष्पा देवी ने बताया कि सुबह उनके पति उन्हें अड्डे पर बैठाकर आए थे, जिसके बाद वह सत्संग में शामिल होने चली गई थीं। घर लौटने पर उन्होंने पति को अचेत अवस्था में पड़ा पाया। उस समय घर में उनके अलावा कोई मौजूद नहीं था। पत्नी के अनुसार, उनके पति रातभर जागते रहे थे। उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे वह सो रहे हों। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बखेड़ी सिंह के परिवार में दो बेटे हैं। इनमें रवि की उम्र 30 वर्ष और रीतू की उम्र 28 वर्ष है। पिता की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।

मामले में कोतवाली नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। फिलहाल रिटायर्ड फौजी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।

Tags: