हापुड़ में भैंसा गाड़ी पर फायरिंग की धमकी देने वाले चार युवक गिरफ्तार, थार-जोंगा बरामद
| हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में भैंसा गाड़ी पर पिस्टल दिखाकर फायरिंग की धमकी देने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से थार और जोंगा जीप बरामद कर सीज की गई हैं।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाने में पुलिसकर्मियों की हिरासत में मास्क पहने चार आरोपी नजर आ रहे हैं।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में भैंसा गाड़ी पर सवार लोगों को पिस्टल दिखाकर फायरिंग करने और दौड़ाने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को नानपुर हाईवे फ्लाईओवर के नीचे से पकड़ा। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई थार और जोंगा जीप भी बरामद कर सीज कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में भैंसा गाड़ी के आगे चल रही थार (जोंगा) गाड़ी में चार युवक सवार थे। इसी दौरान उनमें से एक युवक ने पिस्टल निकालकर भैंसा गाड़ी पर सवार लोगों को फायर करने और दौड़ाने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर गढ़मुक्तेश्वर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 609/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) में मामला दर्ज किया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहनों की पहचान की और नानपुर हाईवे फ्लाईओवर के नीचे दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र निवासी अरुण, आर्यन नेहरा, आर्यन उर्फ गुल्लू और गाजियाबाद के थाना निवाड़ी क्षेत्र निवासी राजू उर्फ उदय चौधरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त जोंगा जीप नंबर RJ 43 UA 2587 और थार गाड़ी नंबर UP 15 EK 9967 बरामद कर सीज कर दी हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार चारों युवकों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ मेरठ और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास की धारा 307, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।