कुछ युवक हापुड़ की एक दुकान के बाहर आपस में झगड़ा और मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र स्थित फूलगढ़ी में शराब का एक पव्वा जमीन पर गिरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक हमले में बदल गया। सेल्समैन से कहासुनी के बाद एक युवक अपने तीन साथियों के साथ शराब के ठेके पर संचालित कैंटीन में घुस गया और संचालक पर लात-घूंसों तथा ईंटों से हमला कर दिया। हमले में कैंटीन संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना कैंटीन में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, तगासराय निवासी राजकुमार फूलगढ़ी स्थित शराब के ठेके पर कैंटीन संचालित करते हैं। नौ नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे मोहल्ला इंद्रगढ़ी निवासी सागर ठेके पर पहुंचा और सेल्समैन रतनलाल से देसी शराब का एक पव्वा खरीदा। पव्वा लेते समय वह उसके हाथ से छूटकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद सागर ने सेल्समैन से पव्वा उठाने को कहा। सेल्समैन ने पव्वा बाहर गिरने की बात कहते हुए उसे खुद उठाने के लिए कह दिया। इसी बात पर सागर नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। उस समय कैंटीन संचालक राजकुमार ने बीच-बचाव करते हुए उसे समझाया और शांत करा दिया।

आरोप है कि इस घटना के करीब दस मिनट बाद सागर अपने तीन साथियों जयकिशन उर्फ पप्पी, केके उर्फ केशव और संजू के साथ दोबारा कैंटीन पहुंच गया। चारों ने एकराय होकर कैंटीन में धावा बोल दिया और राजकुमार को घेरकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर हमलावरों ने ईंटों से भी वार किए। इसके बाद घायल राजकुमार को घसीटकर कैंटीन से बाहर ले जाने का प्रयास किया गया। अचानक हुए हमले से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित कैंटीन संचालक ने पुलिस से शिकायत की। थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी सागर, जयकिशन उर्फ पप्पी, केके उर्फ केशव और संजू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस शराब के ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है। मामूली कहासुनी के बाद हुए इस हमले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के साथ ही पुलिस अब घटना से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल में जुटी है।

Tags: