गढ़मुक्तेश्वर के बलवापुर गांव में आरोपी के घर मुनादी करती पुलिस टीम दिख रही है।   

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस टीम ने आरोपी के गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर उसे निर्धारित समय में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। साथ ही ऐसा नहीं करने पर चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई है।

मामला गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के बलवापुर गांव का है। गांव निवासी कैलाश पुत्र नौबत सिंह के खिलाफ स्थानीय थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 478/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 115(2) और 352 में मामला पंजीकृत किया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और लगातार फरार चल रहा है।

आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के चलते न्यायालय के आदेशानुसार पुलिस ने उसके खिलाफ मुनादी की कार्रवाई की। ब्रजघाट चौकी प्रभारी अंकित कुमार पुलिस टीम के साथ बलवापुर गांव पहुंचे और सार्वजनिक रूप से ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। इस दौरान आरोपी को जल्द से जल्द पुलिस या न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने का संदेश दिया गया।

चौकी प्रभारी अंकित कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके खिलाफ अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत उसकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। पुलिस की इस कार्रवाई के जरिए फरार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने का अंतिम अवसर देने की चेतावनी दी गई है।

Tags: