अस्पताल के बिस्तर पर वेंटिलेटर सपोर्ट पर लेटे घायल उमर मोहम्मद मेरठ में इलाज के दौरान दिख रहे हैं।

हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र स्थित देहरा गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष ने गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना में गंभीर रूप से घायल उमर मोहम्मद की सोमवार को मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया।

जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार को गांव देहरा में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान उमर मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

उमर मोहम्मद के स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों को उनकी मौत की सूचना मिलते ही गहरा सदमा लगा। घर में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसर गया। घटना की संवेदनशीलता और घायल की मौत के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।

पुलिस इस मामले में घटना के बाद से ही लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर उनकी तलाश की जा रही है।

धौलाना थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उमर मोहम्मद की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की निगरानी जारी है।

Tags: