सपा नेता नैना गुर्जर के समर्थकों पर किसान नेता हरीश हूण को धमकी देने का आरोप, पुलिस में शिकायत
| हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में किसान नेता हरीश हूण ने सपा की संभावित प्रत्याशी नैना गुर्जर के समर्थक पर फेसबुक मैसेंजर से धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस को शिकायत देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की गई है।
पीली पगड़ी और सफेद कुर्ता पहने किसान नेता हरीश हूण हापुड़ में धमकी मामले को लेकर दिख रहे हैं।
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा-60 से समाजवादी पार्टी की संभावित प्रत्याशी नैना गुर्जर को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आ रहे वीडियो के बीच अब किसान नेता हरीश हूण ने नैना गुर्जर के समर्थकों पर फेसबुक मैसेंजर के जरिए कॉल कर धमकी देने का आरोप लगाया है। किसान नेता ने इस संबंध में पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
हरीश हूण के अनुसार, उन्हें फेसबुक मैसेंजर पर एक व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम विपिन नंबरदार बताया और खुद को नैना गुर्जर का समर्थक बताया। आरोप है कि उसने हरीश हूण को नैना गुर्जर का विरोध बंद करने की चेतावनी दी। साथ ही कहा कि यदि उन्होंने विरोध जारी रखा तो उन्हें ठिकाने लगा दिया जाएगा और उनका इलाज कर दिया जाएगा।
किसान नेता का कहना है कि वह किसान हितों और अपने विचारों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं। किसी भी राजनीतिक व्यक्ति या उसके समर्थक को विरोध करने वालों को धमकाकर उनकी आवाज दबाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि फोन पर जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया और जान से मारने जैसी धमकी दी गई, उससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें कुछ मुस्लिम युवकों ने नैना गुर्जर के कार्यालय में काम के रुपयों को लेकर हुए विवाद के बाद उन्हें बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया था। इसके बाद एक बुजुर्ग का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने नैना गुर्जर को गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा से टिकट मिलने की स्थिति में उन्हें वोट नहीं देने का ऐलान किया था। अब किसान नेता हरीश हूण को कथित तौर पर धमकी दिए जाने का मामला भी चर्चा में है।
हरीश हूण ने कहा है कि वह पूरे प्रकरण की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर उनके समक्ष रखेंगे। फिलहाल उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के बाद अब मामले में पुलिस की कार्रवाई और कथित कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।