नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए।

चंदौली में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को जवाबदेह और विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण बनाने पर अब विशेष जोर रहेगा। नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मंगलवार को पदभार ग्रहण करने के साथ ही अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों की गुणवत्ता से लेकर जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तक किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए 2016 बैच के आईएएस अधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि जनपद के चौमुखी विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा। इसके साथ ही राजस्व न्यायालयों में लंबे समय से लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता की शिकायतों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाएं तथा प्रशासनिक सेवाओं का लाभ निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराएं। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने और प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक उनका लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों की होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ यह भी देखा जाएगा कि विकास परियोजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी हों। जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी और प्रशासनिक लापरवाही पर भी नजर रखी जाएगी।

प्रेस वार्ता के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, विद्युत व्यवस्था और फाइलों के सुव्यवस्थित रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में जवाबदेही तथा समयबद्धता को अनिवार्य बताते हुए व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर दिया।

इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व, सीडीओ, मुख्य कोषाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पदभार संभालने के साथ ही जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की गुणवत्ता, सरकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासन की कार्यदिशा स्पष्ट कर दी है।

Tags: