हापुड़ के निजामपुर गांव में सरस्वती इंस्टीट्यूट द्वारा गोद लेने के कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ जनपद के निजामपुर गांव के ग्रामीणों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SIMS) ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की है। संस्थान ने गांव को एक वर्ष के लिए गोद लिया है। इस पहल के तहत ग्रामीणों को उचित छूट के साथ आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम का उद्घाटन धौलाना विधायक धर्मेश सिंह तोमर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की उपाध्यक्ष डॉ. राम्या रामचंद्रन ने की। समारोह के दौरान ग्रामीणों को सरस्वती हॉस्पिटल के हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच कराई और मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।

संस्थान के अध्यक्ष जे. रामचंद्रन ने ग्रामवासियों से इस पहल के तहत उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. किशोर कुमार आहुजा भी मौजूद रहे। विधायक धर्मेश सिंह तोमर और डॉ. किशोर कुमार आहुजा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सरस्वती हॉस्पिटल की स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करते हुए इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. बरखा गुप्ता और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनीत रस्तोगी ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरस्वती अस्पताल में सामान्य बीमारियों के उपचार के साथ सुपर स्पेशलिटी सेवाएं भी उपलब्ध हैं। इनमें हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी और नेफ्रोलॉजी से संबंधित चिकित्सा सेवाएं शामिल हैं।

संस्थान प्रशासन के अनुसार, अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के इलाज के लिए विशेष छूट की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न स्वास्थ्य बीमा कंपनियों के कार्डधारकों को भी योजना के अंतर्गत उचित दरों पर कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

निजामपुर गांव को एक वर्ष के लिए गोद लेने की इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा देने के साथ-साथ सुपर स्पेशलिटी उपचार पर विशेष छूट का लाभ प्रदान करने का प्रयास किया गया है।

Tags: