चंदौली: मुगलसराय में दलित युवक को बंधक बनाकर पीटा, वीडियो वायरल
पीड़ित मां ने कोतवाली में दी शिकायत, जातिसूचक गालियां देने और रुपये छीनने का आरोप
चंदौली के मुगलसराय में दलित युवक को बंधक बनाकर पीटने का वायरल वीडियो।
चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में एक दलित युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर 10 से 15 युवकों द्वारा बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। मारपीट के दौरान जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित की मां ने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित की मां शीला देवी के अनुसार, 6/7 नवंबर की मध्यरात्रि करीब दो बजे मुगलसराय जीटी रोड स्थित अग्रवाल गेस्ट हाउस के पीछे गली में 10 से 15 युवकों ने उनके बेटे रणवीर को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसे जबरन रोककर बंधक बना लिया और बेल्ट व डंडों से बेरहमी से मारपीट की।
शीला देवी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान युवकों ने उनके बेटे के साथ जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों पर रणवीर का मोबाइल फोन तोड़ने और रुपये छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसके बाद मामला सुर्खियों में है। पीड़ित की मां ने 7 नवंबर को मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया और आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रार्थना पत्र दिए जाने के बावजूद अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, पुलिस की ओर से बताया गया है कि दीपावली पर्व के चलते व्यस्तता रही। मामले की जानकारी लेकर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
दलित युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटने, जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों के बीच घटना का वीडियो वायरल होने से पुलिस की भूमिका और आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।