हापुड़: शादी का सामान लेकर लौट रहे युवक पर चार लोगों का हमला, सिर पर ईंट मारकर किया घायल
| हापुड़ के भमैड़ा गांव में चचेरी बहन की शादी का सामान लेकर लौट रहे सालिम पर चार लोगों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों से पिटाई और सिर पर ईंट से वार के बाद घायल युवक मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती है।
हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव भमैड़ा में चचेरी बहन की शादी की तैयारियों के बीच एक युवक पर चार लोगों ने हमला कर दिया। शादी का सामान लेकर लौट रहे युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से पीटा गया और उसके सिर पर ईंट से वार किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक का मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, गांव भमैड़ा निवासी शादाब ने बताया कि 14 नवंबर को उसकी चचेरी बहन की शादी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी सिलसिले में उसका भाई सालिम गांव के ही रिश्तेदार सदाकत के घर से शादी का सामान लेने गया था। सामान लेकर वापस लौटते समय रास्ते में गांव के सरफराज उर्फ पुल्ला, कलुवा, जियाउल उर्फ जबलू और बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र के गांव सरावा निवासी नवाजिश ने उसे घेर लिया।
आरोप है कि चारों ने सालिम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। सालिम ने घर में शादी होने का हवाला देते हुए उनसे विवाद नहीं करने और उसे वहां से जाने देने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपियों ने उसकी बात नहीं मानी। इसके बाद चारों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान सरफराज उर्फ पुल्ला ने जमीन से ईंट उठाकर सालिम के सिर पर पूरी ताकत से वार कर दिया।
सिर पर ईंट लगने से सालिम लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को आता देखकर चारों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर शादाब अपने बहनोई इमरान के साथ घटनास्थल पर पहुंचा और घायल भाई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सालिम की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया। फिलहाल उसका मेरठ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
शादी की तैयारियों के दौरान हुई इस घटना में युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।