हापुड़ के गढ़ गंगा मेले में प्रभारी मंत्री व अधिकारी फायर बाइकों को हरी झंडी दिखाते हुए।

हापुड़ में ऐतिहासिक गढ़ गंगा कार्तिक मेला-2026 का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री और हापुड़ के प्रभारी मंत्री कृष्ण पाल मलिक (केपी मलिक) तथा जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर ने फीता काटकर किया। इस दौरान हापुड़ के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे।

मेले के शुभारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की विशेष व्यवस्था शुरू की गई। प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने मेला क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फायर ब्रिगेड की 18 बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये सभी बाइकें पूरे मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहेंगी और निगरानी करेंगी, ताकि आगजनी जैसी किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व के गढ़ गंगा कार्तिक मेले के शुभारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और सुचारु यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।

Tags: