हापुड़ (UP): नगर कोतवाली क्षेत्र के देहलीगेट इलाके में घर के बाहर कुर्सी पर बैठे एक दिव्यांग युवक पर मोहल्ले के ही युवक ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित के भाई की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, देहलीगेट निवासी रिजवान ने बताया कि उनके भाई चांद करीब छह महीने पहले छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनके पैर की हड्डी टूट गई थी। इसके बाद ऑपरेशन के दौरान पैर में रॉड डाली गई थी। इस घटना के बाद से चांद दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हैं।

रिजवान के मुताबिक, 15 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे चांद अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला शान मोहम्मद वहां पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया।

आरोप है कि करीब दो घंटे बाद रात 11:30 बजे शान मोहम्मद दोबारा मौके पर पहुंचा। पुरानी रंजिश के चलते उसने कुर्सी पर बैठे चांद पर बर्फ तोड़ने वाले सुए से लगातार वार कर दिए। अचानक हुए हमले से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में चांद गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ चांद को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार का दावा है कि आरोपी द्वारा किए गए हमले की पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

रिजवान ने पुलिस को बताया कि भाई की हालत नाजुक होने के कारण परिवार उनके इलाज में व्यस्त था। इसी वजह से वे तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। इसके बाद 17 नवंबर को उन्होंने नगर कोतवाली पहुंचकर आरोपी शान मोहम्मद के खिलाफ लिखित शिकायत दी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी शान मोहम्मद के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Tags: