हापुड़ गढ़ गंगा मेले में ट्रैक्टर की छत पर डांस कर रहे युवकों को ASP महेश कुमार ने लगाई फटकार
| हापुड़ के गढ़ गंगा मेले में ट्रैक्टर की छत पर चढ़कर डांस और हुड़दंग कर रहे युवकों को ASP महेश कुमार ने मौके पर ही फटकार लगाई। अधिकारी की सख्त चेतावनी और पुलिस के इस अंदाज की मेले में चर्चा हो रही है।
हापुड़ के गढ़ गंगा मेले के दौरान पुलिस अधिकारी महेश कुमार युवकों को अनुशासन का पालन करने की चेतावनी देते दिख रहे हैं।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित गढ़ गंगा मेले के दौरान ट्रैक्टर की छत पर चढ़कर डांस और हुड़दंग करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। मेले में गश्त कर रहे हापुड़ के एडिशनल एसपी महेश कुमार की नजर जब इन युवकों पर पड़ी तो उन्होंने मौके पर ही उन्हें रोककर जमकर फटकार लगाई। अधिकारी के सख्त रुख के बाद युवकों का हुड़दंग तत्काल बंद हो गया।
गढ़ गंगा मेले में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंच रहे हैं। इस बीच कुछ युवा मेले में रील बनाने और हुड़दंग करने में जुटे हैं। इसी दौरान कुछ युवकों ने ट्रैक्टर की छत को डांस फ्लोर बनाकर वहां ठुमके लगाने शुरू कर दिए। वाहन की छत पर चढ़कर शोर मचा रहे युवकों पर गश्त के दौरान एडिशनल एसपी महेश कुमार की नजर पड़ी।
स्थिति देखते ही ASP ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर युवकों को फटकार लगाई। खाकी वर्दी में अधिकारी के सख्त और देसी अंदाज को देखकर युवक शांत हो गए। एडिशनल एसपी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
युवकों को चेतावनी देते हुए महेश कुमार ने कहा, "यह आस्था का मेला है, कोई सर्कस नहीं। अगर दोबारा इस तरह हुड़दंग किया, तो पिछवाड़ा लाल कर दिया जाएगा।"
इस घटना के बाद मेले में हापुड़ पुलिस की कार्रवाई और एडिशनल एसपी के सख्त रवैये की चर्चा होने लगी। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी पुलिस के इस कदम की सराहना की। उनका कहना था कि इतने बड़े और भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजन में हुड़दंग करने वाले युवकों पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस की सख्ती जरूरी है।
एडिशनल एसपी महेश कुमार की इस कार्रवाई से मेले में मौजूद अन्य लोगों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया कि धार्मिक आयोजन के दौरान अनुशासन और कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाएगी।