गढ़मुक्तेश्वर में ऐतिहासिक गढ़ गंगा कार्तिक मेला-2026 को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अस्थायी पुलिस लाइन में ब्रीफिंग करते अधिकारी।

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक गढ़ गंगा कार्तिक मेला-2026 को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में स्थापित अस्थायी पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर मेला ड्यूटी को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग की।

गोष्ठी में मेले में तैनात किए गए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों और ड्यूटी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में समस्त अस्थायी थाना एवं चौकी प्रभारी, विभिन्न टीमों और दलों के प्रभारी, यातायात एवं रेडियो प्रभारी तथा सेक्टर और जोनल प्रभारी शामिल हुए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से मेले के दौरान सामने आ सकने वाली संभावित चुनौतियों और समस्याओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर उन्होंने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया।

एसपी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और मेले का आयोजन बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं कड़े निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक की इस ब्रीफिंग के जरिए मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और व्यवस्थाओं को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

Tags: