हापुड़ में स्कॉर्पियो चालक का चालान, हूटर बजाना पड़ा भारी
यातायात पुलिस ने त्योहार की भीड़भाड़ में अवैध हूटर बजाने और प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए वाहन पर कुल 12,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
हापुड़ में यातायात पुलिस ने अवैध हूटर और प्रदूषण उल्लंघन पर स्कॉर्पियो का चालान काटा।
हापुड़ में दशहरे के त्योहार के दौरान सड़कों पर हूटर बजाकर रौब झाड़ना एक स्कॉर्पियो चालक को भारी पड़ गया। भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज हूटर बजाकर लोगों को परेशान करने के मामले में यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन का कुल 12,000 रुपये का चालान काटा।
त्योहार के चलते हापुड़ की सड़कों पर भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक लगातार तेज हूटर बजाकर लोगों के बीच अपना भौकाल बनाने की कोशिश कर रहा था। मौके पर तैनात यातायात पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन को रुकवाया और नियमों का उल्लंघन करने पर तत्काल कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ दो अलग-अलग मदों में चालान किया। प्रदूषण के उल्लंघन पर 10,000 रुपये और अवैध हूटर के इस्तेमाल पर 2,000 रुपये का चालान काटा गया। इस तरह वाहन पर कुल 12,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यातायात पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के सीजन में सड़कों पर हुड़दंग करने या अवैध रूप से हूटर और सायरन बजाकर आम जनता को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हापुड़ में हुई इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती का संदेश दिया है।