गढ़मुक्तेश्वर: शौर्य शक्ति फाउंडेशन का महिला सम्मेलन, बाहरी नेताओं को चेतावनी
शौर्य शक्ति फाउंडेशन ने गढ़मुक्तेश्वर में विशाल महिला सम्मेलन की तैयारियों के बीच स्थानीय अधिकारों और युवाओं के रोजगार को लेकर आवाज बुलंद की।
तस्वीर में गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित शौर्य शक्ति फाउंडेशन के महिला सम्मेलन के दौरान मंच से बोलते वक्ता।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति और जनसेवा में सक्रिय शौर्य शक्ति फाउंडेशन ने क्षेत्र के हक और अधिकारों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। संगठन के नेतृत्व में जहां हर वर्ष की तरह इस बार भी ऐतिहासिक महिला सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, वहीं क्षेत्र की जनता ने बाहरी और ‘हेलीकॉप्टर वाले नेताओं’ को साफ संदेश देने की बात कही है।
वर्ष 2025 में गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा के कुचेसर रोड चौपला पर शौर्य शक्ति फाउंडेशन के नेतृत्व में भव्य महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में भारत का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करने वाली और ऑस्कर विजेता स्नेहा तंवर तथा समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। कार्यक्रम में गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र की लगभग 5000 महिलाओं ने हिस्सा लिया था।
शौर्य शक्ति फाउंडेशन के पदाधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा में विशाल और ऐतिहासिक महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा के लाखों लोगों का सहयोग, प्यार और अटूट विश्वास उसके साथ है। इसी जन-सहयोग के बल पर संगठन लगातार क्षेत्र के लोगों की सेवा में समर्पित है।
फाउंडेशन के नेतृत्व ने बाहरी नेताओं को लेकर कड़े शब्दों में कहा कि गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा के छात्र-छात्राएं, नौजवान, किसान और महिलाएं इस बार जागरूक हो चुके हैं। संगठन ने कहा कि इस बार क्षेत्र में किसी भी ‘हेलीकॉप्टर वाले नेता’ को घुसने नहीं दिया जाएगा।
नेताओं को चेतावनी देते हुए संगठन ने कहा, “जिन बाहरी लोगों को लगता है कि वे चुनाव के समय आकर गढ़मुक्तेश्वर की भोली-भाली जनता को मूर्ख बना लेंगे, वे अपनी गलतफहमी दूर कर लें। यहां के लोग अब नेताओं की महंगी गाड़ियां और हेलीकॉप्टर देखने के लिए नहीं तरस रहे हैं, बल्कि वे खुद अपने बच्चों को पढ़ा-लिखाकर महंगी गाड़ियों और हेलीकॉप्टर में बैठाना चाहते हैं।”
शौर्य शक्ति फाउंडेशन ने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा के युवाओं के रोजगार, छात्र-छात्राओं की शिक्षा, किसानों के मान-सम्मान और महिलाओं के अधिकारों के लिए संगठन हमेशा अग्रिम पंक्ति यानी सबसे आगे खड़े रहकर संघर्ष करता नजर आएगा। संगठन के अनुसार, क्षेत्र का विकास स्थानीय लोगों की भागीदारी से ही संभव है, किसी बाहरी दिखावे से नहीं।