तस्वीर में सीसीटीवी स्क्रीन पर घर के भीतर मारपीट करते लोग दिख रहे हैं।

हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र की इन्द्रा नगर कॉलोनी (NH-9) में घर में घुसकर एक परिवार पर जानलेवा हमला करने और महिलाओं से बदसलूकी करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। मामले में पीड़ित मतलूब अहमद पुत्र मुश्ताक, निवासी इन्द्रा नगर कॉलोनी, ने गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी को लिखित तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, रविवार, 22 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 11:30 बजे मतलूब अहमद अपने परिवार के साथ घर पर बैठे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव बदरखा निवासी गफ्फार पुत्र जब्बार, अनीश पुत्र शाकिर, मोहसिन पुत्र अनीश, गुड्डू पुत्र अनीश और शाहबुद्दीन सहित दो अन्य अज्ञात लोग जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि घर में प्रवेश करते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से परिवार पर हमला कर दिया।

तहरीर के मुताबिक, शोर-शराबा सुनकर मतलूब अहमद की पुत्रवधू शाइना बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और कपड़े खींचकर लज्जा भंग करने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर मतलूब अहमद के बेटे मशकूर और नसीम मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि इसके बाद गुड्डू ने मशकूर पर तमंचे की बट से वार किया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। वहीं, अनीश ने चाकू से हमला कर नसीम को घायल कर दिया।

घटना के दौरान मतलूब अहमद की पत्नी ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस की गाड़ी को मौके पर आता देखकर गुड्डू पुलिस के सामने ही घटनास्थल से फरार हो गया, जबकि अन्य आरोपी भी मौके से भाग निकले।

पीड़ित मतलूब अहमद ने गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटना को लेकर पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

Tags: