हापुड़ के मंदिर में श्री राधा अष्टमी पर भजन गाते और नृत्य करते श्रद्धालु।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। ‘राधे राधे सेवा परिवार’ के तत्वावधान में आयोजित ‘श्री राधा अष्टमी महोत्सव’ के तहत बुलंदशहर रोड स्थित प्रसिद्ध श्री मनसा देवी मंदिर परिसर में विशाल एवं भावपूर्ण संकीर्तन का आयोजन किया गया। खराब मौसम और बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संकीर्तन में भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘श्री राधा कृपा कटाक्ष’ और ‘कृष्ण महामंत्र’ के सस्वर एवं भक्तिमय पाठ से हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्री कृष्णा’ के जयकारों तथा मधुर भजनों से गूंज उठा। भजनों के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में झूमते नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान श्री मनसा देवी मंदिर समिति के प्रधान शिवकुमार मित्तल तथा समिति के सम्मानित सदस्यों ने ‘श्री राधा दामोदर लाल जी’ के विग्रह (प्रतिमा) पर पुष्प वर्षा की। इसके साथ ही माल्यार्पण कर उनका भावभीना स्वागत, पूजन और अर्चन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। भव्य संकीर्तन के आयोजन से श्री मनसा देवी मंदिर परिसर राधा और कृष्ण की भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

Tags: